बिहार विधानसभा चुनाव की बढ़ती सरगर्मी के बीच बुधवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया. यह संवाद ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत हुआ. पटना के किदवईपुरी स्थित कम्युनिटी हॉल में इस अवसर पर भाजपा की विशेष बैठक आयोजित की गई. स्थानीय विधायक नितिन नवीन कार्यक्रम में मौजूद रहे और उन्होंने प्रधानमंत्री का संबोधन समाप्त होने के बाद सभी बूथ स्तर के पदाधिकारियों को पार्टी की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया.
‘बूथ स्तर पर संगठन मजबूत’ : विधायक नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं. उन्होंने अपने क्षेत्र के सभी बूथ अध्यक्षों और पदाधिकारियों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को पहचानने और उनसे संपर्क साधने की अपील की. उन्होंने कहा कि जो लोग सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं, उन्हें पार्टी के साथ जोड़ना भाजपा का सबसे बड़ा लक्ष्य होना चाहिए.
‘प्रधानमंत्री से मिली नई ऊर्जा’ : प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद बीएलओ-2 सुमंत कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री का भाषण सुनकर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है. उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जहां बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाता है और उन्हें संगठन में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है. उन्होंने कहा कि भाजपा में शीर्ष नेतृत्व और बूथ कार्यकर्ता के बीच कोई दूरी नहीं है.
संगठन की बारीकियां सीखने को मिली’ : वहीं बीएलओ-2 ज्योति कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के हर शब्द में प्रेरणा थी. उन्होंने बताया कि इस संवाद से यह समझने का अवसर मिला कि संगठन कैसे मजबूत होकर चुनावी मैदान में उतरता है. उनका कहना था कि भाजपा का अनुशासन और संरचना ही उसे अन्य दलों से अलग पहचान दिलाती है.
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह : प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद पूरे कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल देखने को मिला. कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह संवाद उनके लिए प्रेरणादायक रहा और अब वे पहले से अधिक जोश के साथ चुनावी तैयारी में जुट जाएंगे. भाजपा नेताओं का कहना है कि बूथ ही चुनाव जीतने की कुंजी है और मोदी का संदेश इसी दिशा में कार्यकर्ताओं को मजबूत करने वाला है.










