राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वालों के लिए एक अच्छी खबर है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और हाईवे टॉयलेट्स की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए एक अनोखा अभियान शुरू किया है. इस अभियान के तहत अब कोई भी यात्री टोल प्लाजा पर गंदे टॉयलेट की फोटो भेजकर ₹1,000 तक का इनाम जीत सकता है.
₹1,000 का मिलेगा इनाम FASTag के रूप में
NHAI द्वारा शुरू किया गया यह अभियान स्वच्छ भारत मिशन को मजबूती देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है. इसमें यदि कोई यात्री किसी टोल प्लाज़ा पर गंदे या अस्वच्छ शौचालय की फोटो भेजता है, तो उसे ₹1,000 का ईनाम दिया जाएगा. यह ईनाम FASTag रिचार्ज के रूप में सीधे वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर से जुड़े FASTag खाते में भेजा जाएगा. यह योजना 31 अक्टूबर 2025 तक मान्य रहेगी.
ऐसे करें भागीदारी
इस अभियान में भाग लेने के लिए यात्री को NHAI की ‘राजमार्ग यात्रा’ (RajmargYatra) मोबाइल ऐप का उपयोग करना होगा. फोटो भेजते समय नीचे दी गई जानकारियाँ देना आवश्यक होगा:
- यूज़र का नाम
- स्थान (लोकेशन)
- वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर
- मोबाइल नंबर
- Geo-tagged और time-stamped फोटो (ताकि स्थान और समय की पुष्टि हो सके)
प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह अभियान सिर्फ NHAI के अंतर्गत आने वाले टॉयलेट्स के लिए लागू होगा. यानी पेट्रोल पंप, ढाबा या अन्य निजी स्थानों पर बने टॉयलेट्स इसमें शामिल नहीं हैं.
इनाम के लिए शर्तें
- एक वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर को पूरे अभियान के दौरान सिर्फ एक बार इनाम मिलेगा.
- किसी एक टॉयलेट लोकेशन को एक दिन में केवल एक बार ही इनाम दिया जाएगा — भले ही उस पर कई रिपोर्ट्स क्यों न आई हों.
- केवल वही फोटो मान्य होंगी जो राजमार्ग यात्रा ऐप के ज़रिए भेजी गई हों और वे स्पष्ट, जियो टैग्ड व टाइम स्टैम्प के साथ हों.
- छेड़छाड़ की गई, डुप्लिकेट या पहले से रिपोर्ट की गई फोटो अमान्य कर दी जाएंगी.
- इनाम केवल सबसे पहले वैध रिपोर्ट भेजने वाले को ही दिया जाएगा.
उद्देश्य क्या है?
इस पहल का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों को स्वच्छ और सुविधाजनक सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध कराना है. NHAI का मानना है कि इस तरह की जन सहभागिता (Public Participation) स्वच्छता अभियानों को गति देती है और नागरिकों में जागरूकता भी बढ़ती है.
NHAI ने यह भी कहा है कि वह यात्रियों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर टॉयलेट्स की सफाई और रखरखाव की व्यवस्था में सुधार करेगा. यह पहल यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वच्छ भारत मिशन 2.0 को भी एक नई दिशा देने का कार्य करेगी. तो अगली बार जब आप किसी गंदे टॉयलेट से गुजरें, तो उसे सिर्फ नजरअंदाज न करें — फोटो क्लिक करें, ऐप पर भेजें और ₹1,000 कमाएं!










