प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को सौंपा नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, हवाई अड्डे के पहले चरण का किया उद्घाटन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुंबई: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया. इस अवसर पर महाराष्‍ट्र के राज्‍यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और उद्योगपति गौतम अडाणी मौजूद थे. 19,650 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह मुंबई का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा है. इसका नाम डी.बी. पाटिल नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट रखा गया है, जो महाराष्ट्र के किसान नेता थे.

पहले चरण में एक टर्मिनल और एक रनवे का निर्माण किया गया है. इस एयरपोर्ट से सालाना 2 करोड़ यात्री उड़ान भर सकेंगे. नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल को राष्ट्रीय फूल कमल के डिजाइन में विकसित किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नियमित उड़ानें शुरू होंगी.

एयरपोर्ट का उद्घाटन करने से पहले पीएम मोदी ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया और लिखा, “नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन समारोह में भाग लेने के लिए नवी मुंबई जा रहा हूं. इसके साथ ही, मुंबई महानगर क्षेत्र को अपना दूसरा प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मिल जाएगा, जिससे वाणिज्य और संपर्क को बढ़ावा मिलेगा. मुंबई मेट्रो लाइन-3 के अंतिम चरण का भी उद्घाटन किया जाएगा. हम मुंबई के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और इस गतिशील शहर के लोगों के लिए ‘जीवन की सुगमता’ को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं.”

मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट को विकसित करने की जिम्मेदारी अडाणी ग्रुप और महाराष्ट्र सरकार के लैंड डेवलपमेंट प्राधिकरण (CIDCO) को मिली है. अडाणी ग्रुप की हिस्सेदारी 74% है और CIDCO के पास 26% हिस्सेदारी है.

पहले चरण में एक टर्मिनल और एक रनवे होगा, जिसकी वार्षिक यात्री क्षमता 2 करोड़ और कार्गो क्षमता 0.8 मिलियन मीट्रिक टन होगी. हवाई अड्डे में चार मुख्य द्वार (अल्फा, ब्रावो, चार्ली और डेल्टा) और 88 चेक-इन काउंटर हैं. इनमें से 66 कर्मचारी-संचालित हैं और 22 स्वयं-चेक-इन काउंटर हैं. शुरुआत में, हवाई सेवाएं केवल सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध रहेंगी और प्रति घंटे 10 विमान उड़ान भरेंगे और उतरेंगे. पूरी क्षमता पर, हवाई अड्डा प्रति घंटे 40 विमानों को संभाल सकेगा. इसके अलावा, जेन-जेड यात्रियों के लिए डिजी-यात्रा तकनीक लागू की गई है.
News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial