ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर दो दिवसीय भारत यात्रा पर मुंबई पहुंचे, कई अहम मुद्दों पर पीएम मोदी के साथ होगी बातचीत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


मुंबई: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर का दो दिवसीय भारत दौरा आज से शुरू हो रहा है. पीएम मोदी के निमंत्रण पर उनकी यह पहली आधिकारिक यात्रा है. दो दिवसीय अपनी यात्रा के दौरान वह व्यापार, निवेश, तकनीकी समेत विभिन्न अहम मुद्दों पर पीएम मोदी के साथ बातचीत करेंगे. वह कल मुंबई के राजभवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे और कल ही जियो वर्ल्ड सेंटर में सीईओ फोरम और ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2025 कार्यक्रमों में शामिल होंगे.

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर आज सुबह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुँचे. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार तथा महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उनका स्वागत किया.

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने भारत के साथ किसी भी वीजा समझौते से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि भारत की यात्रा के दौरान वीजा पर चर्चा नहीं होगी. पत्रकारों से बात करते हुए स्टार्मर ने कहा कि भारत के साथ ब्रिटेन का हाल ही में हुआ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) पूरी तरह से व्यापार और निवेश पर केंद्रित रहेगा. ब्रिटिश पीएम 8-9 अक्टूबर को भारत दौरे पर रहेंगे.

वीजा एक्सेस बढ़ाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह योजना का हिस्सा नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि यह यात्रा उस मुक्त व्यापार समझौते का लाभ उठाने के लिए है, जिसपर हम पहले ही हस्ताक्षर कर चुके हैं. स्टार्मर ने कहा कि व्यवसायों को इस समझौते से लाभ हो रहा है, वीजा मुद्दा नहीं है. उन्होंने जोर देकर कहा कि ब्रिटेन की आव्रजन नीतियां सख्त रहेंगी.

‘दोनों देशों के बीच पहले से रिटर्न एग्रीमेंट’
निर्वासन और सुरक्षा सहयोग को लेकर स्टार्मर ने भारत से जुड़ी चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि यह कोई मुद्दा नहीं है, क्योंकि दोनों देशों के बीच में पहले से ही रिटर्न एग्रीमेंट है. उन्होंने कहा कि हम इस बात पर विचार कर रहे हैं कि क्या वीजा और वापसी समझौतों के बीच कोई संबंध होना चाहिए.

स्टार्मर ने आगे कहा कि यह महज एक कागज़ का टुकड़ा नहीं है, यह विकास का एक लॉन्चपैड है. उन्होंने कहा कि भारत 2028 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है. इसमें जो अवसर मौजूद हैं, वे अद्वितीय हैं.

 

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial