भारत ने महिला विश्व कप 2025 के अपने दूसरे मैच में पाकिस्तान को 88 रनों से मात दे दी है. श्रीलंका के कोलंबो में खेले गए इस मैच में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने धीमी पिच पर 247 रन बनाने के बाद पाकिस्तान को 159 रनों पर ढेर कर दिया.
भारत की जीत में तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ और ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के तीन-तीन विकेट और विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष की नाबाद 35 रनों की पारी शामिल रही, जबकि हरलीन देओल ने 46 रनों की पारी खेली۔
टूर्नामेंट में ये भारत की दूसरी जीत है, जिसके साथ वो आठ टीमों की प्रतियोगिता की अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई. ये जीत इस लिहाज से भी काफी बड़ी है, क्योंकि महिला एकदिवसीय मैचों में भारत और चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड अब 12-0 हो गया है.

भारत की जीत से खुश हुए अमित शाह
भारतीय महिला टीम की इस शानदार जीत की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने टीम के दबदबे की सराहना करते हुए इस जीत को परफेक्ट स्ट्राइक बताया और कहा कि आईसीसी महिला विश्व कप के मैच में हमारी महिला क्रिकेट टीम ने भारत की क्रिकेट क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया. देश को हमारी टीम पर गर्व है, आपके आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएं.
नए BCCI अध्यक्ष ने भी लखी बड़ी बात
बीसीसीआई के नए अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने एक्स पर लिखा, ‘पूरी तरह से एकतरफा मैच, इस जीत के साथ, स्कोर 12-0 हो गया. शाबाश महिला टीम, आगे बढ़ो.’ भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने एक्स पर लिखा, ‘आईसीसी महिला विश्व कप में टीम इंडिया का प्रदर्शन पूरी तरह से उत्कृष्ट था. तिरंगा ऊंचा रहे.
बता दें कि भारत का अगला मुकाबला 9 अक्टूबर को विशाखापट्टनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका से होगा, उसके बाद 12 अक्टूबर को इसी मैदान पर गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा.










