नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह निधन हो गया. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस दुखद समाचार की पुष्टि करते हुए कहा, “अत्यंत दुख के साथ यह सूचित करना पड़ रहा है कि हमारे मार्गदर्शक, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का आज प्रातः आकस्मिक निधन हो गया है.”
94 वर्ष की आयु में प्रो. मल्होत्रा ने अंतिम सांस ली. वह कुछ दिनों से एम्स में भर्ती थे और उनका इलाज चल रहा था. आज सुबह लगभग 6 बजे उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया.
निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख:
वीके मल्होत्रा के निधन पर पीएम मोदी ने दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, “जीवनपर्यंत जनसेवा में समर्पित रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा जी के निधन से गहरा दुख हुआ है। वे जमीन से जुड़े ऐसे नेता थे, जिन्हें जनता के मुद्दों की गहरी समझ थी। दिल्ली में पार्टी को सशक्त बनाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। संसद में अपनी सक्रियता और योगदान के लिए भी वे सदैव याद किए जाएंगे। शोक की इस घड़ी में उनके परिवारजनों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ॐ शांति!”
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा, “भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, हम सभी कार्यकताओं के अभिभावक और दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा जी का निधन अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। जनसंघ के दौर से लेकर भाजपा की स्थापना तक उनका जीवन राष्ट्रनिष्ठा, संगठन कौशल और अनुशासन का जीता-जागता उदाहरण रहा। दिल्ली भाजपा के प्रथम अध्यक्ष के रूप में उन्होंने संगठन की नींव को मजबूत किया और असंख्य कार्यकर्ताओं को सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाया। उनका जाना भाजपा परिवार और सामाजिक जीवन, दोनों के लिए ही एक गहरी शून्यता छोड़ गया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारजनों तथा कार्यकर्ताओं को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”










