सूरत: गुजरात में सूरत ज़िले के पलसाना तालुका के जोलवा गांव स्थित संतोष टेक्सटाइल मिल में रखे केमिकल से भरे एक ड्रम में अचानक विस्फोट होने से भीषण आग लग गई. इस घटना में दो मज़दूरों की मौत हो गई और कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं. आग लगने से मिल में अफरा-तफरी मच गई और मजदूर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
आज जब मजदूर अपने रोज के काम में व्यस्त थे, तभी केमिकल के एक ड्रम में अचानक एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे आग तेजी से फैल गई. धमाका इतना जोरदार था कि कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए. हालांकि, ज्यादातर मजदूर समय रहते मिल से बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन कुछ अंदर ही फंस गए.
घटना की सूचना मिलते ही सूरत जिला पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई. जिसके बाद युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया गया. काफी मशक्कत के बाद दमकाल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया है ।
घायल पुरुष और महिला मज़दूरों को लहूलुहान हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. वहीं, बचाव दल को जांच के दौरान फैक्ट्री के अंदर दो मजदूरों के शव मिले. अधिकारियों ने बताया है कि मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है क्योंकि कुछ मजदूर अभी भी लापता हैं।
इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. फ़िलहाल, पुलिस जांच कर रही है और ड्रम फटने का सही कारण जानने की कोशिश की जा रही है.










