अश्विन ने आईपीएल से भी लिया संन्यास, CSK की टीम का थे हिस्सा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल से संन्यास का एलान किया है। उन्होंने बुधवार को ट्वीट के जरिये इसकी घोषणा की। वह पिछले सीजन में पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का हिस्सा थे। हालांकि, उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। अश्विन को सीएसके ने नीलामी में 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा था।
सीएसके और अश्विन के बीच सबकुछ ठीक नहीं?
पिछले कुछ समय से इस बात की हलचल थी, कि सीएसके की टीम उन्हें रिलीज कर सकती है। इस बात को लेकर अश्विन ने सीएसके फ्रेंचाइजी से स्पष्टिकरण भी मांगा था। इस बात से साफ था कि अश्विन और सीएसके के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। अब उन्होंने संन्यास लेकर सभी को चौंका दिया है। ऐसा कहा जा रहा था कि अश्विन का सीएसके के साथ मोह भंग हो गया है। अश्विन ने इसी फ्रेंचाइजी से अपने आईपीएल करियर की शुरुआत की थी और इसी फ्रेंचाइजी में रहते आईपीएल करियर का अंत किया।

चेन्नई के रहने वाले अश्विन 2009 से 2015 तक इसी टीम का हिस्सा थे। उन्होंने इस साल आईपीएल में नौ मैच खेलकर सात ही विकेट लिए। सीएसके के लिए आईपीएल 2025 का सीजन अच्छा नहीं रहा था। चेन्नई चार जीत और 10 हार के बाद 10वें स्थान पर रही थी। इसके अलावा अश्विन के डेवाल्ड ब्रेविस को लेकर बयान पर भी खूब बवाल हुआ था। इसके बाद अश्विन को अपने बयान को लेकर सफाई भी देनी पड़ी थी।

अश्विन ने अपने ट्वीट में क्या लिखा?
अश्विन ने ट्वीट में लिखा, ‘आज एक खास दिन है और इसलिए एक खास शुरुआत भी। कहा जाता है कि हर अंत एक नई शुरुआत लेकर आता है। मेरा समय बतौर आईपीएल क्रिकेटर आज समाप्त हो रहा है, लेकिन दुनिया भर की अलग-अलग लीगों में खेल के नए अनुभवों का मेरा सफर आज से शुरू हो रहा है। मैं सभी फ्रेंचाइजियों का धन्यवाद करना चाहता हूं जिन्होंने मुझे बेहतरीन यादें और रिश्ते दिए। सबसे अहम तौर पर मैं आईपीएल और बीसीसीआई का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अब तक मुझे इतना कुछ दिया। आगे आने वाले समय का पूरा आनंद लेने और उसका सबसे अच्छा उपयोग करने के लिए उत्साहित हूं।’
अश्विन का आईपीएल करियर
अश्विन आईपीएल में सीएसके के अलावा राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा रहे। वह पंजाब टीम की कमान भी संभाल चुके हैं। अश्विन ने आईपीएल में 220 मैचों में 187 विकेट लिए। उनका इकोनॉमी रेट 7.2 का रहा। 34 रन देकर चार विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इसके अलावा उन्होंने 118.16 के स्ट्राइक रेट से 833 रन भी बनाए। इनमें एक अर्धशतक शामिल है। इसी लीग के जरिये अश्विन दुनिया भर में छाए थे और भारतीय टीम में जगह बनाई थी। अब यह दिग्गज फिरकी गेंदबाज इस लीग में खेलता दिखाई नहीं पड़ेगा।
News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial