नई दिल्ली: आज यानि मंगलवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में हुई इस बैठक की अध्यक्षता पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की। जिसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए।
बैठक का मुख्य एजेंडा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग और चुनाव आयोग के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करना रहा। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष काम नहीं कर रहा बल्कि सत्तापक्ष के पक्ष में काम कर रहा है।
कांग्रेस पार्टी ने मतदाता सूचियों से कथित तौर पर नाम हटाए जाने और ‘वोट चोरी’ के खिलाफ एक ठोस रोडमैप तैयार किया है। कांग्रेस इस मुद्दे को न केवल संसद में उठाएगी, बल्कि देशव्यापी आंदोलन भी शुरू करेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए यह लड़ाई जरूरी है। पार्टी का मुख्य मुद्दा वोटर लिस्ट की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में अनबन, वोट चोरी की आशंका और एक साफ-सुथरी डिजिटल मतदाता सूची की मांग है।
बैठक में आने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों और अलग-अलग राज्यों में सीटों के तालमेल व गठबंधन की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
आपको बता दें कि 30 सितंबर 2026 को INDIA गठबंधन की एक बड़ी बैठक होने जा रही है। इस बैठक में चुनाव आयोग के मुद्दे पर सभी विपक्षी दलों के साथ मिलकर देशव्यापी आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।








