देहरादून: आज सोमवार को देहरादून का राजनीतिक माहौल बेहद गर्म रहा। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे के दौरान कथित अपमान के विरोध में आज देहरादून में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मुख्यमंत्री आवास घेराव करने का निर्णय लिया।
सबसे पहले कांग्रेस कार्यकर्ता परेड ग्राउंड पहुंचे। उसके बाद कांग्रेसियों ने सीएम आवास को कूच किया। हालांकि पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेड ग्राउंड से आगे हाथीबड़कलां पर रोक दिया। काफी देर से कांग्रेसी वहीं डटे रहे।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में खड़गे के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया वह लोकतांत्रिक परंपराओं और विपक्ष के सम्मान के खिलाफ है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार को संविधान की भावना के अनुरूप कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार उनका समर्थन कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
हल्द्वानी के शुद्धिकरण विवाद को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। कांग्रेस जहां इसे सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों से जोड़कर सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रही है, वहीं भाजपा कांग्रेस पर इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगा रही है। विवाद से जुड़े मुकदमों और राजनीतिक बयानों के बाद प्रदेश की सियासत और गरमा गई है।
कांग्रेस पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, कांग्रेस पार्टी के चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत विपक्ष के विधायक विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।








