रांची: झारखंड में आज JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन का बड़ा दिन है। विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अन्य मांगों को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं। इसी सिलसिले pमें झारखंड विधानसभा का घेराव करने के लिए छात्रों का मार्च जारी है। छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और विधानसभा की ओर आगे बढ़ने लगे।
छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए रांची में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। विधानसभा जाने वाले रास्तों पर कई लेयर की बैरिकेडिंग की गई है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कंटीले तार भी लगाए गए हैं। विधानसभा के आसपास भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
रविवार को भी छात्र और सरकार के बीच पांच घंटे से ज्यादा समय तक बातचीत चली। सरकार की ओर से छात्रों की कई मांगों पर सहमति जताकर आंदोलन खत्म कराने की कोशिश की गई, लेकिन CBI जांच समेत कुछ अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी।
उनका कहना है कि वे किसी भी स्थिति में विधानसभा का घेराव करेंगे और अपनी मांगों को सरकार के सामने मजबूती से रखेंगे। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
पुलिस प्रशासन लगातार छात्रों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। हजारों की संख्या में पहुंचे छात्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।









