नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी ने पांच घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया । इस प्रदर्शन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए छात्र-युवाओं ने हिस्सा लिया।
मंच से चेतावनी देते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दीपके ने कहा कि अगर धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफ़ा नहीं दिया तो सीजेपी पूरे भारत के अलग-अलग शहरों में अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी। प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने ये भी कहा कि “जहां सिस्टम सड़ता है, वहीं कॉकरोच बाहर निकलते हैं” और आज जंतर-मंतर पर जुटी भीड़ व्यवस्था के खिलाफ लोगों के बढ़ते आक्रोश का प्रतीक है।
अभिजीत दीपके x पर लिखा,” मैं अपने माता-पिता से मिलने घर जा रहा हूँ. उनसे आखिरी बार मिले हुए एक साल से ज़्यादा हो गया है।पिछले 15 दिनों में उन्हें बहुत परेशानी झेलनी पड़ी है और धमकियों की वजह से उन्हें घर छोड़ना पड़ा था। मैं उन्हें वापस घर ले जाऊंगा. आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि आज का विरोध प्रदर्शन तो बस एक ट्रेलर था। इतनी बड़ी संख्या में आने के लिए आपका धन्यवाद।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अभिजीत दीपके ने समर्थकों से आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिछले पांच दिनों से लगातार लोगों से अनुरोध कर रहे हैं कि किसी भी परिस्थिति में प्रदर्शन का स्वरूप खराब नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, “बहुत सारी ताकतें चाहती हैं कि यह प्रोटेस्ट असफल हो जाए, लेकिन यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि ऐसा न होने दें। कुछ भी हो जाए, हम इस आंदोलन को फेल नहीं होने देंगे।
अभिजीत दीपके ने कहा कि लोग अक्सर पूछते हैं कि वह खुद को “कॉकरोच” क्यों कहते हैं।उन्होंने कहा कि कॉकरोच वहां दिखाई देते हैं जहां व्यवस्था में गड़बड़ी और सड़न होती है।दीपके ने कहा, “अगर आज इतने कॉकरोच बाहर निकल रहे हैं तो यह हमारी नहीं, सिस्टम की गलती है.” उन्होंने इसे व्यवस्था की खामियों के खिलाफ जनता के प्रतिरोध का प्रतीक बताया।
जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुंग भी पहुंचे। उन्होंने मंच से प्रदर्शन में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए कहा,”मैं सद्भावना और शांति का संदेश लेकर आया हूं। आप सब लोगों ने शांति पूर्वक प्रदर्शन का यह तरीका चुना है इसके लिए आप बधाई के पात्र हैं। शिकायत का यह मुद्दा आपने चुना है।यहां प्रदर्शन नहीं आग्रह करने आये हैं। आगे हमें उम्मीद है सरकार सकारात्मक काम करेगी। इस्तीफे की बात हो रही है लेकिन जिम्मेदारी की बात हो। हमें उम्मीद है कि सरकार सही कदम उठाएगी। आने वाले दिनों में जो हम मांग कर रहे हैं पूरा हो।”









