नई दिल्ली: देशभर में आज होली का त्योहार हर्षोउल्लास से मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर लोग एक-दूसरे के गले मिलकर और बधाइयां देकर मंगलकामना कर रहे हैं। इस पावन अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम गणमान्य हस्तियों ने देशवासियों को होली की बधाई दी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर लिखा, ‘सभी देशवासियों को मेरी ओर से होली की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगो का यह त्योहार लोगों के जीवन में प्रेम और आशा का संचार करता है तथा आपसी एकता व भाईचारे को मजबूत करता है। मेरी कामना है कि यह पर्व सबके जीवन में खुशियां लेकर आए और हम सब मिलकर एक विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने लिखा, हैप्पी होली! यह खूबसूरत त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत और बसंत के आने का जश्न मनाता है, जो हमारी सभ्यता की नई शुरुआत, उम्मीद और जोश की निशानी है। हमारी समृद्ध परंपराओं में गहराई से जुड़ी होली भाईचारे, आपसी सम्मान और मिली-जुली खुशी को दिखाती है जो हमारे समाज के ताने-बाने को मजबूत करती है।
पीएम मोदी ने भी देशवासियों को होली की शुभकामानाएं दी। उन्होंने लिखा, ‘होली का त्योहार पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर देता है. यही इस उत्सव की बड़ी विशेषता है. हर तरफ जिस प्रकार खुशियों के रंग बिखरे नजर आते हैं, वो हर किसी को उल्लास और आनंद से सराबोर कर जाता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, ‘होली के पावन पर्व पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ। यह पर्व आप सभी के जीवन में सुख, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और नई उमंग के सुंदर रंग भर दे, यही ईश्वर से कामना है. रंगों का यह उत्सव हमारे देश और समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे के सूत्र को और अधिक मजबूत करे. आप सभी को सुरक्षित एवं मंगलमय होली की शुभकामनाएँ।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, ‘उल्लास, उमंग और नई ऊर्जा के पर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएँ! रंगों का यह पर्व सभी के जीवन में उन्नति, समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए।










