मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र का आज निधन हो गया. 89 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली. मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ. तमाम सिने हस्तियों ने वहां पहुंचकर उन्हें अंतिम विदाई दी.
उनके परिवार समेत एक्टर अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्ष्य कुमार जैसे अभिनेता इस दौरान मौजूद रहे.
धर्मेंद्र कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे. 10 नवंबर को उन्हें सांस लेने में दिक्कत आई थी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 12 नवंबर को धर्मेंद्र को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया था और डॉक्टरों ने घर पर ही उनके आगे के इलाज की बात कही थी.
PM मोदी-राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया शोक:
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी एक्टर धर्मेंद्र के निधन पर शोक जताया है. एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए राष्ट्रपति ने लिखा है, ‘जाने-माने एक्टर और पूर्व सांसद श्री धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है. सबसे पॉपुलर एक्टर्स में से एक, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर में कई यादगार परफॉर्मेंस दीं.’
उन्होंने आगे लिखा है, ‘भारतीय सिनेमा की एक बड़ी हस्ती के तौर पर, वह अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो कलाकारों की नई पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी. उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं.’
धर्मेंद्र के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है. उन्होंने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा है, ‘धर्मेंद्र जी के जाने से भारतीय सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है. वह एक आइकॉनिक फिल्म पर्सनैलिटी थे, एक जबरदस्त एक्टर थे जिन्होंने अपने हर रोल में चार्म और गहराई लाई. जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग तरह के रोल किए, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ. धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और प्यार के लिए भी उतने ही जाने जाते थे. इस दुख की घड़ी में, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत फैंस के साथ हैं. ओम शांति.’










