बाराबंकी : देवां थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में कार सवार 8 लोगों की जान चली गई. दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 2 लोगों की मौत लखनऊ के ट्रामा सेंटर हो गई है. कार सवार सभी लोग कानपुर बिठूर से गंगा स्नान करके लौट रहे थे.
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि सोमवार देर रात देवां थाना क्षेत्र में देवां-फतेहपुर मार्ग पर कल्याणी नदी पुल के आगे कुतुलपुर गांव के पास एक कार सामने से आ रहे ट्रक से टक्करा गई थी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के निचले हिस्से में घुस गई थी.
इस हादसे में कार सवार लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कार सवार 8 लोगों को सीएचसी देवां भेजा. जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया. जिसमें कार चालक भी शामिल है. गंभीर रूप से घायल 2 लोगों इंद्र कुमार मिश्रा और व बालाजी को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया था. जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उनकी भी मौत हो गई.










