मुजफ्फरपुर: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज से बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने प्रचार अभियान की शुरुआत की है. मुजफ्फरपुर में उन्होंने आरजेडी नेता और महागठबंधन के सीएम कैंडिडेट तेजस्वी यादव के साथ मंच साझा करते हुए कहा कि बिहार में 20 साल से नीतीश कुमार सरकार चला रहे हैं लेकिन आज भी ये प्रदेश सबसे पिछड़ा है. ऐसे में नई सोच वाली सरकार की जरूरत है.
‘बीजेपी के हाथ में नीतीश का रिमोट कंट्रोल’: राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार का रिमोट कंट्रोल असल में भारतीय जनता पार्टी के हाथ में है. बीजेपी जैसा चाहती है, बिहार के मुख्यमंत्री वैसा ही करते हैं लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा.
“20 साल से बिहार में नीतीश सरकार चल रही है. बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए इन्होंने पिछले 20 साल में क्या किया? क्या आप ऐसा प्रदेश चाहते हैं जहां आपको कुछ ना मिले? नीतीश कुमार का रिमोट कंट्रोल बीजेपी के हाथ में है. बीजेपी का सामाजिक न्याय से कोई लेना-देना नहीं है.”
राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में 20 साल से सरकार चलाने वाले नीतीश कुमार खुद को अतिपिछड़ा कहते हैं, लेकिन उन्होंने 20 साल में यहां शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए कुछ नहीं किया. कांग्रेस नेता ने भीड़ से पूछा कि क्या आप ऐसा प्रदेश चाहते हैं जहां अडानी को 1-2 रुपए में जमीन दे दी जाए और युवाओं को रोजगार न मिले? उन्होंने कहा कि ऐसा बिहार हमें नहीं चाहिए.
बदहाली के लिए एनडीए सरकार जिम्मेदार: राहुल गांधी ने कहा कि मैं देश के हर जिले में गया हूं. जहां भी मैं जाता हूं, वहां बिहार के युवा मुझे मिलते हैं. मैं आपसे सवाल पूछना चाहता हूं आपने दिल्ली बनाई, बेंगलुरु की सड़कें बनाई, गुजरात में आपने काम किया खून पसीना दिया. मुंबई को आपने मदद दी. दुबई आपकी मेहनत से बना है. आप अलग-अलग प्रदेशों की मदद कर सकते हो, शहरों को बना सकते हो तो फिर बिहार में आप ये काम क्यों नहीं कर पा रहे हैं?










