सीएम धामी ने युवाओं के आंदोलन के पीछे अर्बन नक्सल गैंग का हाथ बताया, कहा राज्य में फैलाना चाहते हैं अराजकता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति पिछले कुछ दिनों से गरमाई हुई है. ये राजनीतिक गर्माहट यूकेएसएसएससी पेपर लीक के बाद से बढ़ती चली गई. सीएम धामी द्वारा बेरोजगार संघ के नेतृत्व में 8 दिन तक देहरादून के परेड ग्राउंड में धरना प्रदर्शन करने वाले युवाओं से मुलाकात और पेपर लीक की सीबीआई जांच का आश्वासन देने के बाद भी सियासी गर्मी कम नहीं हुई. इसके बाद सीएम धामी ने पेपर लीक वाली परीक्षा निरस्त करके उसे दोबारा कराने की घोषणा की. लेकिन सियासी दांवपेच जारी रहे. अब सीएम धामी ने इसके पीछे अर्बन नक्सल गैंग का हाथ बता दिया है.

सीएम धामी के अर्बन नक्सल गैंग वाले बयान पर राजनीति: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मंच से अर्बन नक्सल गैंग को लेकर बड़ा बयान दिया है. सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है. लेकिन कुछ अर्बन नक्सल गैंग के लोग प्रदेश में जिहादी मानसिकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं. सीएम धामी के इस बयान पर विपक्षी दल कांग्रेस भी सरकार पर हमलावर हो गई है.

सीएम धामी ने आंदोलन के पीछे अर्बन नक्सल गैंग का हाथ बताया: वहीं अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा अर्बन नक्सल गैंग का जिक्र करने के बाद उत्तराखंड की राजनीति में हड़कंप मच गया है. दरअसल, प्रदेश के युवाओं को नौकरियां देने के लिए आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश की युवा पीढ़ी को सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार बड़े फैसले ले रही है और आगे भी लेती रहेगी. इसी दौरान मुख्यमंत्री ने पेपर लीक मामले में आठ दिनों तक चले छात्र आंदोलन के पीछे अर्बन नक्सल गैंग को जिम्मेदार ठहराया.

साथ ही सीएम ने कहा कि जिन लोगों को जनता ने नकार दिया है, वो लोग प्रदेश के युवाओं और बच्चों का सहारा लेकर राजनीति करना चाहते हैं. उत्तराखंड की राजनीति में विपक्षी बयानबाज़ी से ज़्यादा खतरनाक अर्बन नक्सल गैंग की सक्रियता हो गई है. लेकिन सरकार युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए संकल्प के साथ काम कर रही है. अर्बन नक्सल गैंग, राज्य में जिहादी मानसिकता पनपाने का काम कर रहे हैं. लेकिन सरकार ऐसे लोगों के मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी, चाहे उसके लिए कुछ भी करना पड़े.

, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अर्बन नक्सल गैंग के सवाल पर कहा कि कुछ लोग साजिश के तहत राज्य को अराजकता की ओर धकेलना चाहते हैं. जो विकास के कार्य चल रहे हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो जनकल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं, उनमें अनावश्यक रूप से विघ्न बाधाएं डालकर, फेक नैरेटिव गढ़ने का काम कर रहे हैं. साथ ही कुछ लोग, लोगों को भरमाने का काम कर रहे हैं, ताकि योजनाएं रुकें और जो विकास के कार्य हैं वो अनवरत रूप से न हों.

कांग्रेस ने अर्बन नक्सल गैंग के होने को सरकार के लिए शर्मनाक बताया: सीएम धामी का अर्बन नक्सल गैंग पर दिए गए बयान ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस को जन्म दे दिया है. इस पूरे मामले पर कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि-

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ही राज्य के गृहमंत्री हैं और केंद्र में भी उन्हीं की सरकार है. उसके बाद भी अगर राज्य में किसी अर्बन नक्सल गिरोह का होना, यह राज्य और केंद्र सरकार के लिए बहुत शर्मनाक बात है. देश और राज्य की जांच एजेंसियां कहां सोई हुई हैं. देश और राज्य का गृह विभाग क्या कर रहा है? ऐसे में अगर प्रदेश के कोई अर्बन नक्सल गैंग, राज्य विरोधी गतिविधियां कर रहा है, या फिर अराजकता फैलाने का षड्यंत्र कर रहा है तो ये राज्य के लिए चिंता का विषय है.
-सूर्यकांत धस्माना, कांग्रेस उपाध्यक्ष-

सरकार से नामों का खुलासा करने की मांग: धस्माना ने कहा कि ऐसे में राज्य सरकार को तत्काल ऐसे लोगों के नामों का खुलासा करना चाहिए और उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए. लेकिन अगर सरकार सिर्फ जुमलेबाजी कर रही है, तो ऐसी जुमलेबाजी बड़े पदों पर बैठे हुए लोगों के मुंह से अच्छी नहीं लगती.

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial