आज से नए महीने अक्टूबर की शुरुआत हो गई है. वहीं, महीने की पहली तारीख से तमाम बदलाव भी हो रहे हैं. इसी सिलसिले में आज बुधवार को महंगाई का करंट लगा है. तेल कंपनियों ने आज सुबह-सुबह गैस सिलेंडर के दाम अपडेट कर दिए हैं. ताजा जानकारी के मुताबिक कंपनियों ने गैस सिलेंडर के दामों में 16 रुपये की बढ़ोत्तरी की है. नए दाम आज सुबह से लागू हो गए हैं.
राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली से लेकर सभी शहरो में दामों में बदलाव हुए हैं. बता दें, सरकारी तेल कंपनियों ने ये दाम 19 किग्रा. वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़ाए हैं. वहीं, घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर बने हुए हैं.
बहुत दिनों बाद लगा झटका
इससे पहले तेल कंपनियां हर महीने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में कटौती कर रही थीं, लेकिन फेस्टिव सीजन के दौरान बड़ा झटका लगा है. पिछले महीने सितंबर में कंपनियों ने 51 रुपये 50 पैसे की कटौती की थी. वहीं, अगस्त की बात करें तो करीब 33 रुपये 50 पैसे की कमी की गई थी. वहीं, जुलाई में भी 58 रुपये कम किए गए थे.
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम यथावत
सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर के दाम लगातार यथावत रखे हैं. कंपनियों ने आखिरी बार इस साल अप्रैल में दाम बदले थे, जिसके बाद नई दिल्ली में 14 किग्रा. वाले सिलेंडर के दाम 853, कोलकाता में 879, मुंबई में 852.50 और चेन्नई में 868.50 रुपये में मिल रहा है.










