करूर: तमिलनाडु में शनिवार को फेमस एक्टर और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के अध्यक्ष विजय की रैली में अचानक भगदड़ मच गई. जानकारी के मुताबिक, अब तक 31 लोगों के मारे जाने की खबर है. वहीं, 20 से ज्यादा लोग बेहोश या फिर घायल बताए जा रहे हैं.
सीएम स्टालिन ने अस्पतालों को तैयार रहने का आदेश दिया
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन हालात का जायजा लेने के लिए करूर पहुंच चुके हैं. उन्होंने करूर के अस्पतालों को तैयार रहने का आदेश दिया है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह भगदड़ तमिलनाडु के करूर में शनिवार को हुई. जहां विजय की एक रैली में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी थी.
पीएम मोदी ने दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया. उन्होंने कहा, “तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है. मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. मैं इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं. सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”
विजय के चुनाव प्रचार के दौरान करूर में भगदड़
2026 के विधानसभा चुनावों से पहले, तमिलनाडु वेत्री कझगम के नेता विजय ‘उंगा विजय ना वरेन’ नाम से पूरे तमिलनाडु में प्रचार यात्रा पर हैं. उन्होंने 13 तारीख को अपना पहला चुनाव अभियान शुरू किया और त्रिची और अरियालुर जिलों में प्रचार किया. विजय ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने आज नमक्कल और करूर जिलों में प्रचार किया.








