पटना: बिहार चुनाव 2025 में एक और नयी पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल (JJD) ‘ जुड़ गयी है. यह पार्टी लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने बनायी है. तेज प्रताप ने इसकी जानकारी खुद सोशल मीडिया X के माध्यम से दी.

पार्टी का चिह्न: पार्टी का पोस्टर भी जारी किया है. पार्टी का चिह्न ब्लैक बोर्ड छाप है. पोस्टर के बैकग्राउंड में ऊपर पीला और नीचे हरा रंग का इस्तेमाल किया गया है. सबसे ऊपर महात्मा गांधी, बाबा भीमराव अंबेडकर, लोहिया, जय प्रकाश नारायण, कर्पूरी ठाकुर, आदि की तस्वीर लगायी गयी है, लेकिन इसमें लालू यादव कहीं नहीं दिख रहे हैं.
पार्टी का मूल मंत्र: तेज प्रताप यादव ने खुद को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया है. ‘जन-जन की शक्ति, जन-जन का राज, बिहार का विकास करेंगे तेज प्रताप’ स्लोगन के साथ तेज प्रताप ने युवाओं से पार्टी से जुड़ने की अपील की है. तेज प्रताप के अनुसार पार्टी का मूल मंत्र सामाजिक न्याय, सामाजिक हक और संपूर्ण बदलाव है.
परिवार और पार्टी से निष्कासित: आपको बता दें कि अनुष्का यादव प्रकरण के बाद तेज प्रताप यादव को लालू यादव ने पार्टी और परिवार से निष्कासित कर दिया था. इसके बाद तेज प्रताप कुछ दिनों तक लाइमलाइट से दूर रहे. फिर इसके बाद बिहार में विधानसभा क्षेत्र का दौरा करने लगे. इसके लिए ‘टीम तेज प्रताप’ नाम से समूह भी बनाया था.
राजद के खिलाफ मोर्चा खोला: अब नयी पार्टी बनाकर राजद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. तेज प्रताप यादव लिखते हैं कि ‘हमलोग बिहार के संपूर्ण विकास के लिए पूर्ण रूप से समर्पित और तत्पर हैं. हमारा मकसद बिहार में संपूर्ण बदलाव कर एक नई व्यवस्था का नव निर्माण करना है. हमलोग बिहार के संपूर्ण विकास के लिए लंबी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं.’








