वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ी घोषणा की है. उन्होंने विदेशी फार्मास्यूटिकल दवाओं, किचन कैबिनेट, फर्नीचर और भारी ट्रकों पर भारी आयात शुल्क लगाने का फैसला किया है. जानकारी के मुताबिक यह शुल्क 1 अक्टूबर 2025 से लागू होंगे. ट्रंप ने इस बात का ऐलान अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए किया. उन्होंने कहा कि इस फैसले से घरेलू विनिर्माण को बढ़ाना और अमेरिका को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि फार्मास्यूटिकल दवाओं पर शत-प्रतिशत यानी 100 प्रतिशत, किचन कैबिनेट और बाथरूम वैनिटीज पर 50 फीसदी, फर्नीचर पर 30 प्रतिशत और भारी ट्रकों पर 25 फीसदी टैक्स लगाया जाएगा. ट्रंप ने सोशल ट्रुथ पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि बुधवार 1 अक्टूबर 2025 से हम किसी भी ब्रांडेड दवा उत्पादों पर सौ फीसदी टैक्स लगाने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर दवा कंपनियां अमेरिका में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट बना रही हैं तो इस टैक्स से बच सकती हैं. उन्होंने आगे कहा कि अंडर कंस्ट्रक्शन की स्थिति में भी कंपनियों को टैक्स से छूट मिलेगी.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक अन्य पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा कि हमारा प्रशासन 1 अक्टूबर 2025 से किचन कैबिनेट, बाथरूम और उससे संबंधित सामानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने जा रहा है. इसके आलावा फर्नीचर पर भी 30 फीसदी टैक्स लगेगा. उन्होंने इस टैरिफ को लगाने के पीछे का कारण भी बताया. उन्होंने कहा कि अमेरिका में बाहरी देशों के तमाम उत्पादों की बाढ़ आ गई है. यह सरासर गलत है. हमें राष्ट्रीय सुरक्षा और देश को मजबूत बनाने के लिए कड़े फैसले लेने होंगे।
उन्होंने सख्त तेवर अपनाते हुए कहा कि इन विदेशी कंपनियों के उत्पादों से हमारे घरेलू उद्योग प्रभावित हो रहे हैं. इसी सिलसिले में उन्होंने भारी ट्रक और उसके पार्ट्स पर भी टैक्स लगाया है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि अब समय आ गया है कि महंगाई को रोकना होगा. उन्होंने कहा कि अमेरिका में पहले से ही मुद्रास्फीति बढ़ी हुई है.










