पटना: आजादी के बाद पहली बार प्रदेश कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम पटना में CWC की बैठक हुई. बिहार के साथ-साथ अन्य राज्य के नेता इसमें शामिल हुए. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई नेता बैठक में शामिल हुए. इस बैठक में बिहार चुनाव, SIR, संगठन विस्तार और कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गयी.
कांग्रेस कार्य समिति का प्रस्ताव पास
पटना सदाकत आश्रम कांग्रेस कार्यालय में CWC की बैठक हुई. बैठक में कांग्रेस कार्य समिति का प्रस्ताव पास किया गया. इसमें संगठन के विस्तार से संबंधित बातों पर जोड़ दिया गया. संगठन विस्तार को लेकर संगठन सृजन अभियान (SSA) चलाने का निर्णय लिया गया है. इसके साथ ही मेनिफेस्टों पर चर्चा की गयी. हालांकि अभी सीट शेयरिंग पर कोई बात नहीं हुई.
SSA अभियान का मुद्दा
अभियान का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना. जिम्मेदार, सक्षम तथा प्रदर्शनकारी संगठन के रूप में विकसित करना. जिला, ब्लॉक, मंडल, सेक्टर, गांव और मतदान केंद्र स्तर तक BLA1 और BLA2 की नियुक्ति होगी.
संगठन सृजन अभियान की शुरुआत करेगी कांग्रेस
बैठक में फैसला लिया गया कि संगठन सृजन अभियान (SSA) की शुरुआत कांग्रेस करेगी. इसका उद्देश्य भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की संगठनात्मक ताकत को निचले स्तर से पुनर्निर्मित करना है. नवीनीकरण, जवाबदेही और जिला कांग्रेस समिति (DCC) स्तर पर व्यवस्थित पुनर्गठन का महत्वाकांक्षी प्रयास है. सुनिश्चित करना है कि पार्टी का संगठन जीवंत, सक्रिय और उत्तरदायी बने, जो चुनावी चुनौतियों का सामना कर सके और जमीनी स्तर पर जनता से जुड़ सके.
5 करोड़ हस्ताक्षर चुनाव आयोग को सौंपेगी कांग्रेस
बैठक के प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस नेता के सी बेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी पांच करोड़ हस्ताक्षर चुनाव आयोग को सौंपेगी. वोट चोरी को लेकर यह अभियान जारी रहेगा. इस दौरान जयराम रमेश ने कहा कि लद्दाख और मणिपुर में बीजेपी दफ्तर को जलाया गया. कृष्णा अल्लावरु वेरु ने कहा कि वोट चोर रोजगार चोर भी है. बीस साल में सरकार ने कुछ नहीं किया.
भारत कई चुनौतियों से गुजर रहा: मल्लिकार्जुन खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सदाकत आश्रम स्वाधीनता आंदोलन का केंद्र बिंदु था. यह कांग्रेस पार्टी के अनेकों महान नेताओं का कर्म स्थल रहा है. हम ऐसे समय पर मिल रहे हैं, जब राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत कई चुनौतियों से गुजर रहा है.आज हमारी वोटर लिस्ट से आधिकारिक तौर पर छेड़छाड़ की जा रही है.










