देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के लिए जनता से आशीर्वाद मांगा। देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का लक्ष्य 65 से अधिक सीटें हासिल करना बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार भी प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है।
राज्य गठन के संघर्ष को याद करते हुए शाह ने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उत्तराखंड की भोली-भाली जनता पर अत्याचार किए। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने नौ नवंबर 2000 को उत्तराखंड राज्य का गठन कर वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया। उन्होंने रामपुर तिराहा सहित राज्य आंदोलन के दौरान हुए संघर्षों का भी उल्लेख किया।
शाह ने कहा कि उत्तराखंड बनाने में भाजपा की अहम भूमिका रही है। अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसे संवार रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि 2047 तक उत्तराखंड देश के सबसे पहले विकसित राज्यों में शामिल होगा।
कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी के पर्यटन से उत्तराखंड की राजनीति पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। भाजपा के हजारों कार्यकर्ता प्रदेश की समस्याओं को दूर करने के लिए काम कर रहे हैं। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने राहुल गांधी की वोट बचाओ यात्रा को घुसपैठिया बचाओ यात्रा करार दिया। शाह ने कहा कि राहुल गांधी का झूठा नैरेटिव देश की जनता स्वीकार नहीं कर रही है।
अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता को जमीन पर उतारने वाला देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने तीन तलाक और हलाला का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड के रास्ते पर अब दूसरे राज्य भी आगे बढ़ रहे हैं। भाजपा शासित राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू करने की बात भी उन्होंने कही। शाह ने नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए इन्हें राज्य सरकार के महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने कई राज्यों में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है और अब उत्तराखंड में भी हैट्रिक लगाने का लक्ष्य है। इस बार पार्टी 65 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ेगी।









