देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। जहां वे देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल पदयात्रा एवं जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके बाद रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में होने वाले राजकीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही अमित शाह उत्तराखंड के करीब 1500 करोड़ रुपए की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां तेजी से चल रही हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने गुरुवार को परेड ग्राउंड पहुंचकर मंच, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम और कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का निरीक्षण किया साथ ही अहम दिशा निर्देश दिए।
यह कार्यक्रम बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है।पार्टी का दावा है कि देहरादून, ऋषिकेश, देहरादून ग्रामीण और हरिद्वार से 25 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता परेड ग्राउंड पहुंचेंगे।
अमित शाह करीब 12 बजे परेड ग्राउंड की पदयात्रा एवं जनसभा में शामिल होंगे। इसके बाद वे पुलिस लाइन में आयोजित राजकीय कार्यक्रम में पहुंचेंगे, जहां उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किया जाएगा।
अमित शाह का यह दौरा उत्तराखंड में बीजेपी की संगठनात्मक तैयारियों और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति को दिशा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि अमित शाह का उत्तराखंड आना हमेशा से ही राज्य के लिए बहुत अच्छा होता है।









