लखनऊ में दिनदहाड़े एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या, गाड़ी खड़ी करने के विवाद में पड़ोसी ने बाप-बेटे और चाचा पर की ताबड़तोड़ फायरिंग, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में कार पार्किंग और चबूतरे को लेकर हुए मामूली विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह दर्दनाक वारदात सोमवार की सुबह करीब 10:30 बजे नौबस्ता के ब्राह्मणी टोला इलाके में हुई।

अंधाधुंध फायरिंग में 65 वर्षीय शिवाजी तिवारी, उनके 55 वर्षीय भाई शिवेंद्र तिवारी और शिवाजी के 30 वर्षीय बेटे सुयश तिवारी की मौत हो गई है। शिवाजी और शिवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी,जबकि सुयश ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित परिवार और पड़ोस में रहने वाले शुक्ला परिवार के बीच पिछले 10 सालों से एक खाली प्लॉट पर बने चबूतरे और बरगद के पेड़ को लेकर अनबन चल रही थी। सोमवार सुबह वहां कार खड़ी करने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जो बहस से शुरू होकर खूनी संघर्ष में बदल गया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल और चार खाली कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं।

शिवाजी के बेटे सुयश की अगले महीने शादी होने वाली थी। घर में शादी की पूरी तैयारियां कर ली गई थीं। एक ही परिवार में तीन लोगों की हत्या से शादी वाले घर में मातम छा गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत फेल गई। तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial