देहरादून: शारदीय नवरात्र की महानवमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान से हवन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के प्रतीक के रूप में नौ कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने मां भगवती से प्रदेश की उन्नति और प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महानवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्र का पर्व मातृशक्ति की आराधना और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। कन्या पूजन के माध्यम से मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा और सम्मान की भावना मजबूत होती है। उन्होंने मां भगवती से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।









