दशहरे के मौके पर पीएम मोदी का संदेश, ‘देश के दुश्मनों से हमें मिलकर लड़ना होगा’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: विजयादशमी के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित उत्सव ग्राउंड में दशहरा समारोह में भाग लिया और रावण दहन के बाद देशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने देश की एकता को मजबूत करने और ‘मां भारती’ के दुश्मनों को पहचानकर उनके खिलाफ मिलकर लड़ने का आह्वान किया।  उन्होंने सभी राजनीतिक दलों व संस्थाओं से राष्ट्रहित में एकजुट होने की अपील की।

पीएम मोदी ने कहा कि सत्ता का उद्देश्य शासन करना नहीं, बल्कि जनकल्याण हो यही प्रभु श्रीराम का आदर्श है। पीएम मोदी ने आगे जनता से ये भी कहा कि हमें मां भारती के शत्रुओं को पहचानना होगा और उन्हें साथ मिलकर हराना होगा।

देश के दुश्मनों से मिलकर लड़ना होगा:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “हमारे विचार समान हों। देश की सभी संस्थाएं और सभी राजनीतिक दल राष्ट्रीय हित के लिए एक साथ खड़े हों। हमें इसी भावना पर चलना होगा। हमें देश के दुश्मनों के साथ मिलकर लड़ना होगा। देश के मान-सम्मान को चोट पहुंचाने वाली ताकतें, समाज को बांटने वाले लोग, हमारी संस्कृति से नफरत करने वाली मानसिकता, ये देश के दुश्मन हैं।

आज, विजयादशमी के इस शुभ अवसर पर हमें अपना संकल्प फिर से दोहराना है। हमें ‘मां भारती’ के शत्रुओं को पहचानना होगा, उन्हें परास्त करना होगा और राष्ट्र प्रथम का संकल्प लेते हुए सबको एक साथ आना होगा।

पीएम मोदी ने कहा- “संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो, चुनौती कितनी भी कठिन क्यों न हो, हमें दूसरों के भरोसे नहीं बैठना है। हमें अपना सामर्थ्य पहचानना है। हमें संसाधनों पर विश्वास करना है। अपने संकल्प को शक्ति बनाना है और अपने परिश्रम से समाधान निकालना है।

प्रभु श्रीराम ने हमें सिखाया कि रास्ते की कठिनाइयां हमारी यात्रा को रोक नहीं सकती। समुद्र सामने था, लंका दूर थी, लेकिन संकल्प अडिग था, इसलिए रामजी ने जनता की सामूहिक शक्ति को जगाया, जनभागीदारी को अपना संबल बनाया और असंभव लगने वाले लक्ष्य को संभव बनाया। यही सफलता का मूलमंत्र है।”

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial