दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा पर तिलक नगर इलाके में सड़क निरीक्षण के दौरान वीडियो बना रहे एक स्थानीय युवक को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर इसका वीडियो शेयर कर मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद दिल्ली की सियासत में भारी बवाल मच गया है।
दरअसल तिलक नगर में मंत्री प्रवेश वर्मा एक सड़क का निरीक्षण करने गए थे। उसी दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने मंत्री प्रवेश वर्मा के सामने सड़क की असलियत दिखाई कि किस तरह नई बनी तारकोल की सड़क हाथों से ही उखड़ रही थी।
जब सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का खुलासा कैमरे पर होने लगा, तो मंत्री प्रवेश वर्मा ने आपा खो दिया। उन्होंने सामने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर रहे युवक को सरेआम थप्पड़ जड़ दिया।
जिसके बाद वहां काफ़ी हंगामा मच गया। आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर वीडियो रीपोस्ट करते हुए मंत्री प्रवेश वर्मा को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है।
घटना के बाद आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह और कार्यकर्ताओं ने विकासपुरी थाने में मंत्री के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है और एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।









