महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कोई वोट चोरी नहीं हुई है बल्कि राहुल गांधी का दिमाग चोरी हो गया है।
देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी पर वार करते हुए कहा कि आपको केवल हंगामा खड़ा करना है। आपको पता है कि जनता आपको स्वीकार नहीं कर रही है और आपके पास मुद्दे भी नहीं हैं, इसलिए इस प्रकार के मुद्दे बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भले ही संविधान दिखा रहे हों, लेकिन उनका प्लान और उनकी पूरी रणनीति कुछ और है। संविधान को सामने रखकर देश की तमाम संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना, उनके बारे में लोगों के मन में सवाल पैदा करना और संवैधानिक संस्थाओं से लोगों का विश्वास उठ जाए।
फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी जानबूझकर लोगों के मन में संदेह पैदा करना चाहते हैं। उनकी रणनीति साफ है- लोगों को भ्रमित करना। वे देश की संवैधानिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर लोगों में भ्रम पैदा करना चाहते हैं और इसी भ्रम के माध्यम से अराजकता की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।









