मुंबई: IIT बॉम्बे से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र को शुक्रवार के दिन में परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन पर ChatGPT के जरिए प्रश्नपत्र हल करते हुए पकड़ा गया था। हालांकि, उस वक्त उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।मृतक छात्र की पहचान साहिल रविंद्र वाकोडे के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के यवतमाल जिले का रहने वाला था।
इस घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ भारी विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों के हंगामे को देखते हुए फिलहाल मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं टाल दी गई हैं। पुलिस और प्रशासन इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं।
कैंपस में प्रदर्शन कर रहे नाराज छात्रों का आरोप है कि परीक्षा हॉल में पकड़े जाने के बाद विभागीय पूछताछ और काउंसलिंग के नाम पर छात्र पर अत्यधिक मानसिक दबाव बनाया गया था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।
IIT बॉम्बे प्रशासन का दावा है कि छात्र के खिलाफ कोई दंडात्मक या अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी, बल्कि फैकल्टी द्वारा उसकी काउंसलिंग की गई थी और उसे आश्वासन दिया गया था कि इसका उसके अकादमिक करियर पर कोई असर नहीं पड़ेगा।









