नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने वाले तीनों विधायकों ने आज सोमवार को दिल्ली में बीजेपी का दामन थाम लिया। तीनों बागी विधायकों ने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण कर ली है।
कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। तीनों नेताओं ने दिल्ली बीजेपी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ली।
कुंवर विजय प्रताप सिंह ने आज ही आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया था और आज ही बीजेपी में शामिल हो गए जबकि हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा ने रविवार को पार्टी से इस्तीफा दिया था।
बीजेपी में शामिल होने के बाद, कुंवर विजय प्रताप ने कहा, पंजाब में आम आदमी पार्टी खत्म हो चुकी है, अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने खुद ही इसका अंत कर दिया है। व्यावहारिक रूप से, अब आम आदमी पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं बचा है। पंजाब में भी ‘डबल इंजन’ की सरकार बनेगी।
वहीं हरमीत सिंह पठानमाजरा ने कहा, जब आम आदमी पार्टी पहली बार पंजाब आई थी, तो उन्होंने एक बहुत ही प्रभावशाली विजन पेश किया था। इन्हीं विचारों की वजह से आम आदमी पार्टी अपनी सरकार बनाने में कामयाब रही। लेकिन समय के साथ, जो लोग अपनी आवाज़ उठाते थे, जो पंजाब के मुद्दों के लिए लड़ते थे, उनके पर कतर दिए गए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब को एक दलदल में धकेल दिया है।
इस घटनाक्रम से पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इन नेताओं का बीजेपी में शामिल होना ऐसे समय हुआ है, जब पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसलिए पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है।









