नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव से दिल्ली में मुलाकात की। यह मुलाकात लालू यादव की बड़ी बेटी और सांसद मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर हुई। लालू यादव इन दिनों अपनी नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली आए हुए हैं।
सोनिया गांधी ने काफी समय से अस्वस्थ चल रहे लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनका हालचाल जाना।
मुलाकात के बाद लालू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि इस मुलाकात से यूपीए सरकार के पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं। उन्होंने याद किया कि कैसे मनमोहन सिंह के नेतृत्व में उनकी सरकारों ने मनरेगा, आरटीआई और आरटीई जैसे कानून लाकर देशवासियों को सशक्त किया था।
इस दौरान लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव, मीसा भारती और परिवार के अन्य सदस्य भी वहां मौजूद रहे। तेजस्वी यादव ने मुलाकात के बाद कहा कि दोनों नेताओं के बीच बहुत पुराने और मजबूत संबंध रहे हैं और दोनों ने हर मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ दिया है।









