देहरादून: उत्तराखंड में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुटी हुई हैं। कांग्रेस लगातार बीजेपी पर हमलावर नजर आ रही है, तो सीएम धामी ने भी कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कांग्रेस को नाराज फूफा करार दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि वो ‘नाराज फूफा’ हैं। कांग्रेस के पास अब कोई वास्तविक मुद्दा नहीं बचा है।यही कारण है कि राहुल गांधी, छात्रों की गूंज जैसे कार्यक्रमों के जरिए झूठ और भ्रम फैलाने का असफल प्रयास कर रहे है। ऐसे में उनका छात्रों की गूंज कार्यक्रम नहीं बल्कि वो झूठ की गूंज है।
सीएम धामी ने शुद्धिकरण प्रकरण को जाति से जोड़ने के प्रयास पर कहा कि कांग्रेस ने जानबूझकर इस विषय पर भ्रम फैलाने और समाज को बांटने की कोशिश की। जबकि, वास्तविकता ये है कि शुद्धिकरण और हवन जिहादी नारों के विरोध में किया गया था। इसका जातिवाद से कोई संबंध नहीं था। इतना ही नहीं इस आयोजन को करने वाले भाई खुद अनुसूचित समाज से थे। इससे कांग्रेस की ओर से गढ़े गए पूरे नैरेटिव की सच्चाई जनता के सामने आ गई है।
इसके अलावा सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, तो वहीं अब जमीनों को लेकर राजनीति कर रही है। जबकि, यूआईआईडीबी यानी ‘उत्तराखंड इंफ्रास्ट्रक्चर एंड इन्वेस्टमेंट डेवलपमेंट बोर्ड‘ (UIIDB) पहले पंजाब और गुजरात में बन चुकी है, जहां बेहतर काम कर रही है। उसी के तर्ज पर प्रदेश में निवेश बढ़ाने, आर्थिक गतिविधियों को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए इस संस्था को बनायाया है।
सीएम धामी ने कहा कांग्रेस जमीन बेचने की बात कही रही है, लेकिन जमीनें कांग्रेस के समय में बिकती थी। सरकार ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट किया था।जिसमें तमाम इन्वेस्टर्स आए थे, ऐसे में नियमों के आधार पर व्यवस्थाएं बनाई गई है, लेकिन कांग्रेस को उत्तराखंड में आ रहा निवेश और युवाओं के लिए बन रहे रोजगार के अवसर भी रास नहीं आ रहा है।









