जयपुर: जयपुर में बुधवार से दो दिवसीय BRICS वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक शुरू होगी। 12 और 13 अगस्त को होने वाली इस उच्चस्तरीय बैठक में वैश्विक अर्थव्यवस्था के सामने मौजूद चुनौतियों, वित्तीय स्थिरता, अंतरराष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था में सुधार, विकासशील अर्थव्यवस्थाओं की जरूरतों और वैश्विक वित्तीय सहयोग को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बैठक में हिस्सा लेने मंगलवार रात जयपुर पहुंचीं। जयपुर एयरपोर्ट पर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने उनका स्वागत किया। भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा भी मंगलवार रात जयपुर पहुंच गए। इसके अलावा BRICS सदस्य देशों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडलों के जयपुर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
जयपुर बैठक का मुख्य उद्देश्य BRICS देशों के बीच वैश्विक व्यापक आर्थिक और वित्तीय मुद्दों पर सहयोग को और मजबूत करना है। बदलते वैश्विक आर्थिक परिदृश्य में सदस्य देश वित्तीय स्थिरता, विकास, निवेश और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थाओं की भूमिका से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे। बैठक में वित्त मंत्रालयों और केंद्रीय बैंकों से जुड़े साझा मुद्दों पर भी चर्चा होगी। विकासशील और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के लिए पूंजी की उपलब्धता बढ़ाना, निजी निवेश को आकर्षित करना और विकास वित्त को मजबूत करना एजेंडे के प्रमुख विषयों में शामिल हैं।
12 अगस्त को सुबह 11:15 बजे BRICS वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक का औपचारिक उद्घाटन सत्र होगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा बैठक को संबोधित करेंगे। इसके बाद वित्त मंत्रालयों और केंद्रीय बैंकों से जुड़े मुद्दों पर संयुक्त सत्र होगा। इसमें सदस्य देशों के प्रतिनिधि वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, वित्तीय नीतियों और केंद्रीय बैंकिंग से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।









