उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर हाई अलर्ट, सीएम ने सभी एजेंसियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन से दूरभाष पर प्रदेश की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सभी आपदा प्रबंधन एवं राहत एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहते हुए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा प्रतिवादन बल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल, जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, नदी-नालों के जलस्तर पर नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र 24 घंटे सक्रिय रखने और प्रत्येक घटना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में जनहानि रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट तथा अन्य सभी जनपदों में येलो अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

उन्होंने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने, यात्रा से पहले मौसम और मार्ग की जानकारी लेने तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की। सभी प्रदेशवासियों व पर्यटकों से भी अपील है कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial