प्रतापगढ़: आज यानि गुरुवार तड़के ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली गांव में करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक ढह गया। हादसे के वक्त पूरा परिवार गहरी नींद में था। देखते ही देखते मकान मौत के मलबे में तब्दील हो गया और एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है।
हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए शोक संतृप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों का समुचित उपचार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।सीएम के निर्देश पर डीएम ने 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि परिजन को सौंपी। कुल 26.20 लाख रुपए की सहायता राशि परिजन को सौंपी गई है।
वहीं प्रतापगढ़ के डीएम अभिषेक पांडे ने बताया कि कल से हो रही भारी बारिश के कारण यहां एक घर गिर गया, जिससे प्रमोद श्रीवास्तव के परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। बारिश की वजह से पुरानी निर्माण तकनीक से बना पहली मंजिल का कमरा अचानक गिर गया. परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे।
इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। वहीं प्रमोद श्रीवास्तव के पुत्र अमन किसी तरह सुरक्षित बच गए। उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। इस हादसे के बाद से जिला प्रशासन ने जर्जर घरों और भवनों का ऑडिट कराने का फैसला किया है। जिससे आगे से इस तरह के हादसे को रोकने की कोशिश हो सके।









