नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र में विपक्ष का लगातार हंगामा जारी है। बुधवार को कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सांसदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेता प्रेरणा स्थल स्थित गांधी प्रतिमा से मकर द्वार तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे।
विपक्ष के नेता 20 जुलाई को जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या राम मंदिर के लिए मिले चंदे में कथित गड़बड़ी के आरोप और अन्य मुद्दों को लेकर भी केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
मार्च के दौरान विपक्षी सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और इन मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की। विपक्ष का कहना है कि प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस का रवैया उचित नहीं था और अयोध्या राम मंदिर चंदे से जुड़े आरोपों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
INDIA गठबंधन के सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर संसद परिसर में शक्ति प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर और नारेबाजी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मोर्चा खोला। और विभिन्न मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही की मांग की।









