भारतीय सिनेमा से एक बार फिर से अफ़सोसनाक खबर सामने आई है। लगान और गजनी जैसी मेगा-ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपनी अदायगी से दिल जीतने वाले एक्टर प्रदीप रावत का कैंसर से निधन हो गया है। उन्होंने 74 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। प्रदीप ना सिर्फ बॉलीवुड बल्कि साउथ सिनेमा में भी उतने ही पॉपुलर थे, जितने की हिंदी सिनेमा में।
प्रदीप रावत का निधन इंडियन फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ा लॉस है। प्रदीप के निधन से ना सिर्फ बॉलीवुड बल्कि पूरी साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भी मातम छा गया है।
रावत के मैनेजर सिद्धार्थ आर तिवारी ने बताया कि उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में करीब एक महीने तक भर्ती रखा गया था, जिसके बाद उन्हें भिवंडी के कैंसर अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया गया। उनके परिवार में उनकी पत्नी कल्याणी रावत और बेटे विक्रमादित्य रावत हैं।
रावत का करियर तीन दशकों से अधिक लंबा था और उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा में काम किया था। हालांकि उन्हें नकारात्मक किरदारों से बड़ी पहचान मिली, लेकिन उनके करियर की शुरुआत टेलीविजन से हुई थी। बीआर चोपड़ा की मशहूर टीवी शो महाभारत में अश्वत्थामा के किरदार से वे भारतीय घरों में एक जाना-पहचाना चेहरा बन गए।
रावत ने आमिर खान अभिनीत 2008 की ब्लॉकबस्टर फिल्म गजनी में खलनायक गजनी धर्मात्मा की भूमिका निभाई। उनकी भूमिका बड़ी दमदार थी। सिनेमा के यादगार खलनायकों में से एक के रूप में उनकी छवि को मजबूत किया।









