दिल्ली दौरे पर सीएम धामी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात, कई अहम बिंदुओं पर हुई चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान राज्य में रेल अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण, रेल संपर्क के विस्तार और राज्य की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को लागू किये जाने संबंधित तमाम विषयों पर चर्चा की। सीएम ने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों, धार्मिक एवं पर्यटन महत्व के साथ ही जनहित की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तमाम प्रस्ताव केंद्रीय रेल मंत्री के सामने रखे।

बैठक के दौरान सीएम ने कहा उत्तराखण्ड धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक दृष्टि से देश के प्रमुख राज्यों में से एक है। चारधाम यात्रा, हरिद्वार एवं ऋषिकेश के धार्मिक स्थलों, योग एवं आध्यात्मिक पर्यटन और आगामी कुम्भ-2027 के आयोजन के चलते हर साल देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु और पर्यटक राज्य में पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती यात्री संख्या एवं पर्यटन गतिविधियों को देखते हुए राज्य में आधुनिक, सुदृढ़ एवं सुविधाजनक रेल नेटवर्क का विस्तार समय की आवश्यकता है।

सीएम धामी ने ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन को बंद कर उसकी भूमि राज्य सरकार को ट्रांसफर किए जाने का अनुरोध किया।उन्होंने बताया उत्तराखण्ड इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड (UIIDB), उत्तराखण्ड सरकार एवं रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA), रेल मंत्रालय के बीच एसेट मॉनेटाइजेशन एवं ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर की समग्र मास्टर प्लानिंग के तहत प्रस्तावित परियोजना पर काम किया जा रहा है।इस संबंध में RLDA को आवश्यक औपचारिक निर्देश प्रदान किए जाने का अनुरोध किया गया।

सीएम ने राज्य की प्रमुख रेल परियोजनाओं के संबंध में किच्छा-सितारगंज-खटीमा नई रेल लाइन परियोजना की पूरी लागत भारत सरकार की ओर से वहन किए जाने, सर्वेक्षण कार्य से संबंधित स्थानीय किसानों की चिंताओं का समाधान किए जाने और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के अंतर्गत शीघ्र रेल संचालन प्रारम्भ करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण के तहत रायवाला से देहरादून तक लंबित काम को शीघ्र पूर्ण करने तथा हरिद्वार, हर्रावाला, देहरादून, खटीमा, लक्सर, रुड़की, टनकपुर एवं बनबसा रेलवे स्टेशनों के सौन्दर्यीकरण एवं विस्तारीकरण का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री के अनुरोध पर केंद्रीय रेल मंत्री ने इन प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की।और इन प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial