सीएम धामी ने नीति आयोग की टीम से की मुलाक़ात, प्रदेश के विकास पर किया मंथन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में नीति आयोग के सदस्य प्रो. (डॉ.) एम. श्रीनिवास के नेतृत्व में आई टीम के साथ राज्य के समग्र एवं सतत विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, आजीविका संवर्धन, जल संरक्षण और राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप प्रभावी नीति निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में नीति आयोग का हमेशा सकारात्मक सहयोग रहा है और भविष्य में भी राज्य की आवश्यकताओं के अनुरूप मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय, पर्यटन एवं तीर्थाटन प्रधान राज्य के लिए नीति निर्माण में केवल स्थायी आबादी ही नहीं, बल्कि हर वर्ष आने वाली बड़ी फ्लोटिंग आबादी को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश की स्थायी आबादी की तुलना में हर वर्ष लगभग सात से आठ गुना अधिक लोग उत्तराखंड आते हैं, जिससे स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के साथ स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं के साथ जनजागरूकता भी आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को राज्य के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कुपोषण और एनीमिया की समस्या के समाधान के लिए समन्वित एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि कृषि, बागवानी, पर्यटन, जल संसाधन, जैव विविधता, कौशल विकास और अन्य संभावनाओं वाले क्षेत्रों में विषय विशेषज्ञों के साथ नीति आयोग के सहयोग से नियमित सेमिनार और विचार-विमर्श आयोजित किए जाएं, ताकि राज्य की जरूरतों के अनुरूप व्यवहारिक और नवाचार आधारित नीतियां तैयार की जा सकें।

उन्होंने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए रेन वाटर हार्वेस्टिंग की दीर्घकालिक योजनाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही स्थानीय रोजगार, आजीविका के नए अवसर और सतत आर्थिक विकास के लिए बेहतर नीति निर्माण एवं समन्वित प्रयासों पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार और नीति आयोग के साझा प्रयासों से उत्तराखंड के संतुलित और सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, अपर सचिव नरेन्द्र भण्डारी, डॉ. संदीप तिवारी, एसीईओ सेतु मनोज पंत, नीति आयोग की सलाहकार एवं कार्यक्रम निदेशक डॉ. सोनिया पंत, उप सचिव दीपक कुमार, विशेष कार्याधिकारी डॉ. शोभित कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial