चमोली। सीमांत नीति घाटी में आयोजित तीन दिवसीय ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का समापन रोमांच, रफ्तार और साहसिक खेलों के शानदार प्रदर्शन के साथ हुआ। अंतिम दिन गमसाली से मलारी के बीच आयोजित 30 किलोमीटर माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी) चैलेंज में देशभर से आए प्रतिभागियों ने कठिन पहाड़ी ट्रैक पर अपने जज्बे का परिचय दिया।
दुर्गम रास्तों और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर नीति घाटी में आयोजित इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग की 30 किलोमीटर एमटीबी प्रतियोगिता में खरिकसिंग अडॉनिस तांगपू ने पहला स्थान हासिल किया। सूरज राणा मगर दूसरे और प्रकाश थापा मगर तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में अवनी डरियाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। संध्या मौर्या दूसरे और इंद्रा कुमारी तमांग तीसरे स्थान पर रहीं।
15 किलोमीटर पुरुष वर्ग में प्रज्जवल चौहान विजेता बने, जबकि इशांत सिंह अधिकारी और अश्विन रौथान क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में प्रिया ने पहला स्थान हासिल किया।
पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना और आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में देश के 27 राज्यों से 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और युवाओं को साहसिक खेलों व फिटनेस के प्रति प्रेरित करना रहा।
तीन दिनों तक नीति घाटी खेल, संस्कृति और पर्यटन गतिविधियों का केंद्र बनी रही। आयोजन की सफलता में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, भारतीय सेना, आईटीबीपी, पर्यटन विभाग और अन्य विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।









