अजमेर: पुष्कर में हुए कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी के जिलाध्यक्षों को पार्टी की रीति-नीति, त्याग और बलिदान का इतिहास पढ़ाया। साथ ही राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों को नसीहत भी दी कि कांग्रेस में परिक्रमा करने से कुछ नहीं होगा, कांग्रेस तपस्या की पार्टी है। राहुल गांधी ने कहा कि हम तपस्या को महत्व देते हैं, पूजा को महत्व नहीं देते हैं।
विराट कोहली का दिया उदाहरण: राहुल गांधी ने क्रिकेटर विराट कोहली का उदाहरण देते हुए कहा कि कोहली ने क्रिकेट में तपस्या की है, जबकि जय शाह ने अपने पिता की पूजा की है, जय शाह भले ही आईसीसी के अध्यक्ष हो गए हों, लेकिन विराट कोहली तपस्या के कारण आज क्रिकेट में सबसे बड़ा नाम हैं और पूरी दुनिया में मशहूर हैं। कांग्रेस भी तपस्या में ही विश्वास करती है और जो मेहनत करने वाले और तपस्या करने वाले लोग हैं वो पूजा में भरोसा नहीं करते हैं।
जयपुर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि राहुल गांधी ने शिविर में कहा कि “मैं जिला अध्यक्षों से कुछ उम्मीद भी रखता हूं मुझे भरोसा है कि जिलाध्यक्ष मेरी इन उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि अगर कभी जिलाध्यक्षों के क्षेत्र में दलित, अल्पसंख्यक, गरीब या किसी पशु पर भी अन्याय हो तो उन्हें जुल्म के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। धार्मिक हिंसा और जातीय हिंसा के खिलाफ भी विरोध कर दर्ज करना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि “मैं यह नहीं चाहता कि कांग्रेस के कार्यकर्ता टिकट के लिए किसी के हाथ जोड़े यह हमारा कल्चर भी नहीं है।आपको तपस्या करनी है और आगे बढ़ना है। परिक्रमा करने का कल्चर भाजपा का है, आप अगर तपस्या करोगे तो कांग्रेस पार्टी आपको आगे बढ़ाएगी।
सुनील शर्मा ने बताया कि अपने सेशन के दौरान राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को एक कुर्सी पर खड़ा कर दिया और पांच अन्य जिलाध्यक्षों को बुलाकर कहा कि इनके हाथ, पैर जोड़ो और कुर्सी खींचे, इस पर कोई जिलाध्यक्ष डोटासरा की कुर्सी खींचने लगा तो कोई हाथ जोड़ने लगा, कोई टांग खींचने लगा, जिस पर राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में आज यही हो रहा है। खींचतान हो रही है, यही पार्टी के लिए सबसे बड़ी मुसीबत है। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस में सब अलग-अलग चलते हैं जरूरत आज सबको एकजुट होकर चलने की है, अगर एकजुट रहेंगे तो मजबूत रहेंगे।
प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन राहुल गांधी की मौजूदगी से कांग्रेस के जिला अध्यक्ष खासे उत्साहित नजर आए।राहुल गांधी ने अपने 2 घंटे के भाषण में जिलाध्यक्षों में जोश भरने का काम किया।









