बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गुरुवार को यहां लोक भवन में राज्यपाल के विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंप दिया।राज्यपाल थावरचंद गहलोत की अनुपस्थिति में विशेष सचिव प्रभु शंकर ने इस्तीफा ग्रहण किया।
गहलोत व्यक्तिगत कारणों से अपने मूल स्थान इंदौर में हैं।जब सिद्धारमैया ने राज्यपाल के विशेष सचिव को अपना इस्तीफा सौंपा तब उनके साथ उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और अन्य मंत्रिमंडल सहयोगी मौजूद थे। इस्तीफा सौंपने के बाद सिद्धारमैया ने कहा, ‘‘ मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। चूंकि राज्यपाल थावरचंद गहलोत शहर में नहीं हैं, इसलिए मैंने अपना त्यागपत्र उनके विशेष सचिव को सौंप दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने बार-बार कहा था कि जब भी आलाकमान मुझे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने को कहेगा, मैं इस्तीफा दे दूंगा। आलाकमान ने मुझे दो दिन पहले पद छोड़ने का निर्देश दिया था, जिसके अनुसार मैंने आज अपना इस्तीफा सौंप दिया।
उन्होंने कहा, ‘मुझे दो बार कर्नाटक के लोगों की सेवा करने का मौका मिला, मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे को धन्यवाद देता हूं।’
बता दें, सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी संग बैठक की थी। इसी बैठक में फैसला लिया गया कि सिद्धारमैया सीएम की कुर्सी छोड़ देंगे।









