लखनऊ: यूपी में बिजली कटौती को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है।सख्त गर्मी और बढ़ती बिजली मांग के बीच प्रदेश में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि आमजन, किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को बिजली संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी स्तरों पर सतत मॉनिटरिंग की जाए।
उन्होंने कहा कि गर्मी के दौर में बिजली विभाग पूरी संवेदनशीलता और ज़िम्मेदारी से काम करें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा एवं राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत की उपस्थिति में ऊर्जा विभाग, पावर कॉरपोरेशन और सभी डिस्कॉम के अधिकारियों के साथ बिजली आपूर्ति को लेकर समीक्षा बैठक की।
सीएम ने प्रदेश की बढ़ती विद्युत मांग को देखते हुए ट्रांसमिशन नेटवर्क को और अधिक मजबूत, आधुनिक एवं भरोसेमंद बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था की मजबूती के लिए ट्रांसमिशन प्रणाली की दक्षता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में किसी भी प्रकार की तकनीकी बाधा को न्यूनतम रखा जाए तथा ट्रांसमिशन नेटवर्क की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।









