कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं को खास तोहफ़ा दिया है। सरकार ने राज्य भर में सभी सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा का ऐलान किया है। यह आदेश 1 जून से प्रभावी होगी।
परिवहन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पश्चिम बंगाल सरकार ने लिखा, “महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और परिवहन सुविधाओं तक उनकी पहुंच में सुधार लाने के उद्देश्य से, पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य की सभी सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की योजना लागू करने का निर्णय लिया है।” अधिसूचना में आगे कहा गया है कि “पश्चिम बंगाल की सभी महिलाओं को सभी सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा प्रदान की जाएगी,” जिसमें “विभिन्न श्रेणियों की सभी छोटी और लंबी दूरी की सरकारी बसें शामिल हैं।”
इस आदेश को लागू करने के लिए, राज्य सरकार लाभार्थियों के लिए एक स्मार्ट कार्ड (क्यूआर कोड वाला डिजिटल कार्ड) जारी करेगी। अधिसूचना में कहा गया है कि “आवेदन करने पर प्रत्येक महिला लाभार्थी को लाभार्थी की फोटो और नाम वाला एक स्मार्ट कार्ड (क्यूआर कोड के साथ डिजिटल) जारी किया जाएगा, जिसे संबंधित क्षेत्राधिकार वाले बीडीओ/एसडीओ को जमा करना होगा।”
जब तक स्मार्ट कार्ड नहीं मिल जाता, तब तक महिला यात्री किसी भी सरकारी फोटो पहचान पत्र (Photo ID) दिखाकर मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकती हैं।
यह महिलाओं के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और सार्वजनिक परिवहन तक उनकी पहुंच में सुधार लाने के उद्देश्य से उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।









