नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल में कार हादसे में एक ही परिवार के 4 लोग समेत ड्राइवर की मौत हो गई। हादसा भवालीगांव बाईपास पर हुआ है, कार सवार सभी 5 लोगों की मौत की प्रशासन ने पुष्टि की है। सभी लखनऊ के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि भवाली स्थित ढैला गांव के पास एक यूपी नंबर की कार बेकाबू होकर खाई में जा गिरी, हादसे में कार सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई। सभी लखनऊ से नैनीताल घूमने आए थे। लेकिन कैंची धाम क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को खाई से बाहर निकाल नजदीकी प्राथमिक समुदाय केंद्र भेजा, जहां डॉक्टर ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
सभी लोग 19 मई को नैनीताल घूमने पहुंचे थे और आज 21 मई को कैंची धाम क्षेत्र से लगे भवाली गांव में अपने किसी परिचित के घर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।हादसे में पिता, पुत्र, मां, बेटी और ड्राइवर की मौत हो गई।









