नई दिल्ली: पश्चिम एशिया संकट और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा पर बढ़ती चिंताओं के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। कैबिनेट की बैठक लगभग 5 घंटे चली।
पीएम नरेंद्र मोदी ने मंत्रिपरिषद की बैठक में अपने मंत्रियों को स्पष्ट संदेश दिया कि अब पीछे मुड़कर देखने का समय नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार 2014 से सत्ता में है, लेकिन अब 2026 है, इसलिए पूरा ध्यान भविष्य की ओर और 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य पर केंद्रित करना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने सभी कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने की सलाह भी दी। बैठक में पीएम मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों से रिपोर्ट भी ली और उनका मार्गदर्शन भी किया। बैठक में पीएम ने जोर देकर कहा कि, “कोई भी काम लंबित नहीं रहना चाहिए।” अनावश्यक विवादों में न उलझें और पूरी तरह से अपने काम पर ध्यान केंद्रित करें।
बैठक में प्रधानमंत्री ने 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को दोहराते हुए कहा कि यह कोई नारा नहीं, बल्कि हमारा दृढ़ प्रतिबद्धता है. उन्होंने सभी मंत्रालयों में सुधारों (रिफॉर्म्स), ईज ऑफ लिविंग और जनहित को सर्वोपरि रखकर काम करने पर जोर दिया।









