पीएम नरेंद्र मोदी के उस बयान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तीखा हमला किया, जिसमें उन्होंने देशवासियों से सोना नहीं खरीदने, विदेश यात्रा कम करने और पेट्रोल का कम खर्च करने की अपील की थी। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी “कंप्रोमाइज्ड” हैं, इसलिए वे देश चलाने में सक्षम नहीं हैं।
सोशल मीडिया पर पोस्ट में राहुल ने लिखा , “कल मोदीजी ने जनता से त्याग करने का आह्वान किया – सोना न खरीदें, विदेश यात्रा न करें, पेट्रोल का कम उपयोग करें, उर्वरक और खाना पकाने के तेल में कटौती करें, मेट्रो का उपयोग करें और घर से काम करें।”
राहुल ने कहा, “ये सलाह के शब्द नहीं हैं. ये विफलता का प्रमाण हैं”। उन्होंने कहा कि 12 वर्षों में देश ऐसी स्थिति में आ गया है कि अब जनता को यह बताना पड़ रहा है कि क्या खरीदें और क्या न खरीदें, कहां जाएं और कहां न जाएं। उन्होंने कहा कि वे बार-बार अपनी जवाबदेही से बचने के लिए जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं। राहुल ने कहा, “‘समझौतावादी प्रधानमंत्री’ अब देश चलाने में सक्षम नहीं हैं।”
पीएम मोदी ने कल हैदराबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे एक साल तक सोना न खरीदें। उन्होंने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान हमने वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग्स और वीडियो कॉन्फ्रेंस जैसी व्यवस्थाओं को अपनाया था।हमने इसकी आदत डाल ली थी। आज भी समय की मांग है कि हम उन व्यवस्थाओं को फिर से प्राथमिकता दें।









