तमिलनाडु: चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आज टीवीके चीफ सी जोसेफ़ विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मंच पर टीवीके के तमाम नेता और राहुल गांधी मौजूद रहे।
विजय के साथ TVK के 9 विधायकों ने शपथ ली। विजय अपने पास लोक प्रशासन, पुलिस और गृह विभाग रखेंगे। उनके साथ, के. ए. सेंगोट्टैयान, अधव अर्जुना, एन. आनंद, अरुण राज, निर्मल कुमार, राजमोहन, के पी. वेंकटरमण और डॉ. टी.के. प्रभु ने शपथ ली।
मुख्यमंत्री बनते ही उन्होंने मंच पर ही तीन आदेशों पर हस्ताक्षर किए। इन आदेशों में अगले दो महीने तक राज्य में हर घर को 200 यूनिट बिजली फ़्री करना, नशे की समस्या से निपटने के लिए हर ज़िले में विशेष बल बनाना और महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक स्पेशल टास्क फ़ोर्स बनाना शामिल है।
इससे पहले विजय ने शनिवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से लोकभवन में मुलाकात की और सरकार बनाने के लिए 121 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा था। यहां बहुमत साबित करने के लिए 118 विधायकों की जरूरत थी। इनमें टीवीके 108, कांग्रेस के 5, CPI और CPI(M) के 2-2 विधायक हैं। इनके अलावा VCK और IUML ने TVK को अपने 2-2 विधायकों का समर्थन दिया है।









