हरियाणा: गुरुग्राम में शुक्रवार को आयोजित कांग्रेस की सद्भावना रैली में राहुल गांधी ने भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कार्यकर्ताओं को बब्बर शेर कहकर संबोधित किया। राहुल ने कहा कि आप देख लेना कांग्रेस पार्टी ही नरेंद्र मोदी और भाजपा को हराएगी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, बंगाल और असम जैसे राज्यों में वोट चोरी करने का एक सिस्टम बना लिया है, जिसमें लाखों नाम काटने और नए नाम जोड़ने जैसे खेल खेले जाते हैं।
उन्होंने कहा कि नौकरशाही और चुनाव आयोग भाजपा के नियंत्रण में हैं, जिससे उन्हें लगता है कि उनका राज कभी खत्म नहीं होगा, लेकिन अब जनता को सच्चाई समझ आ गई है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह देश को बेचने का काम कर रहे हैं और उनका समय अब आने वाला है। हमारी सरकार जब आएगी तो हम इनको सज़ा दिलायंगे।
राहुल ने कहा कि जनता को ये बात समझ आ गई है कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह देश को बेचने का काम कर रहे हैं। राहुल गांधी ने एक बार फिर एपस्टीन फाइल का मुद्दा उठाया और कहा कि पीएम मोदी की इसमें हिस्ट्री है।
राहुल ने कहा- “आपका सारा डेटा नरेंद्र मोदी ने अमेरिका को पकड़ा दिया। इसके दो कारण हैं, सबसे पहला एपस्टीन फाइल। नरेंद्र मोदी की पूरी हिस्ट्री उस फाइल में है। ट्रंप कहता है कि नरेंद्र मोदी का करियर एक मिनट में खत्म कर दूंगा। दूसरा कारण अडाणी है। अमेरिका में इसके ऊपर क्रिमिनल केस है। ये केस अडाणी पर नहीं है, ये नरेंद्र मोदी पर है। मोदी और अडाणी एक हैं। कंपनी का नाम अडाणी है, लेकिन नाम मुदाणी होना चाहिए।”
उन्होंने आखिर में कहा- मैंने यूएस डील पर लोकसभा में भाषण दिया, अमित शाह ने चार घंटे मुझे बोलने नहीं दिया। मोदी लोकसभा से भाग गए, वह आंख से आंख नहीं मिला सके। अडाणी इनकी पूरी मार्केटिंग करता है। इनके पास ईडी है, सीबीआई है, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट है। आप लिखकर ले लो, कांग्रेस पार्टी नरेंद्र मोदी को हराएगी, फिर देखना हम नरेंद्र मोदी के खिलाफ क्या कार्रवाई करते हैं।









